मुख्यमंत्री ने 'सिग्नेचर भवन' का किया लोकार्पण

 


82 साल इंतजार के बाद पुलिस को मिला 'मुख्यालय'


कानून का राज और सुशासन पुलिस की जिम्मेदारी : योगी


लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को नए पुलिस मुख्यालय का लोकार्पण किया। करीब 40178 वर्ग मीटर में फैले पुलिस मुख्यालय भवन को सिग्नेचर बिल्डिंग का नाम दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सबसे बड़ी सिविल पुलिस के पास 82 साल से अपना कोई मुख्यालय नही था। आज का दिन पुलिस के लिए बड़ा दिन है, जब पुलिस को अपना मुख्यालय मिला है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस को इस नए मुख्यालय के लिए बधाई दी। 


मुख्मंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने देश के सामने अपने काम की दक्षता को प्रदर्शित किया है। उन्होंने कहा कि कानून का राज हो और सुशासन को जनता महसूस कर सके, इसके लिए पुलिस की बड़ी जिम्मेदारी है। 


मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत ढाई वर्ष में पुलिस के कार्यों को बहुत नजदीक से देखने का मौका मिला है। जिस तरह से उत्तर प्रदेश में बहुत संभावनाएं है, उसी तरह उत्तर प्रदेश पुलिस में भी बहुत क्षमता है। उन्होंने कहा कि पहले कानून व्यवस्था पर कोई काम नही करता था, राजनीतिक संकीर्णता के चलते किसी ने भी पहले इस पर ध्यान नही दिया। 


मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हमारी सरकार ने प्रदेश में निवेश की शुरूआत की, तो कानून व्यवस्था सबसे बड़ी समस्या थी, लेकिन सरकार व पुलिस के परिश्रम के बाद निवेश भी उत्तर प्रदेश में आया। उत्तर प्रदेश ने सुरक्षा की गारंटी दी है, जिससे हर बड़ा उद्योगपति यहां निवेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को मजबूत करना एक टीम वर्क है। आज देश और विदेश की बड़ी कंपनियों को विश्वास है, जिससे उत्तर प्रदेश में निवेश बढ़ा है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि हर अच्छे काम को और अच्छा करने की गुंजाइश होती है। कुम्भ में मैंने हमेशा कहा कि मुझे अपनी टीम पर भरोसा है। उन्होंने कहा कि नई तकनीकी के साथ हमें अपने आप को बदलना होगा। पुलिस की ट्रेनिंग के लिए भी बड़े स्तर पर काम हो रहा है। 


हमारी सरकार ने मुख्यमंत्री विशिष्ट सेवा मेडल की भी शुरुआत की। इसके साथ ही पुलिस बल के आवासीय समस्या को दूर करने के लिए भी हमने काम किया है। आज जरूरत है कि हम सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें। पुलिस मुख्यालय में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं दी गई हैं। यहां पार्किंग के लिए दो हजार से अधिक वाहनों की भी व्यवस्था की गई है।


इन अधिकारियों के दफ्तर होंगे यहां


नए पुलिस मुख्यालय में डीजीपी के साथ ही उत्तर प्रदेश पुलिस की 18 इकाइयों के मुख्यालय और उनके मुखिया का भी दफ्तर रहेगा। जीआरपी, टेक्निकल सर्विसेज, अग्निशमन निदेशालय, यातायात निदेशालय, लाजिस्टिक प्रशिक्षण निदेशालय, भ्रष्टाचार निवारण संगठन, आर्थिक अपराध शाखा, एसआइटी, मानवाधिकार, रूल्स एंड मैनुएल्स के मुख्यालय भी इसी भवन में होंगे।