दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के स्वयंसेविकाओं द्वारा निकाला गया शोभा यात्रा

दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा आयोजित चम्पा देवी पार्क निकट पैडलेगंज में होने जा रही भव्य व ऐतिहासिक भागवत कथा के शुभारंभ से पूर्व दिनांक 7 दिसंबर 2019 (शनिवार) को संस्थान की सैंकडों युवा स्वयंसेविकाओं द्वारा एक भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। यह शोभा यात्रा संस्थान के लिंग समानता कार्यक्रम 'संतुलन' के अन्तर्गत आयोजित की गई। संतुलन सामाजिक प्रकल्प के द्वारा संस्थान पूरे देश में भ्रूण हत्या के खिलाफ एक मुहिम चला रहा है व लिंग समानता के लिए वृहद् कार्य कर रहा है। इस कार्यक्रम के अन्तर्गत संस्थान समाज में यह संदेश देता है कि लड़का और लड़की बराबर हैं। हमें उनमें उनकी परवरिश में कोई अंतर नहीं करना चाहिए। इस प्रकल्प के माध्यम से संस्थान महिला सशक्तिकरण पर बड़ा कार्य कर रहा है।
शोभा यात्रा कथास्थल चंपा देवी पार्क से आरंभ हुई। पूर्व मेयर डाॅ ॰ सत्या पांडे और प्रमुख समाज सेवी श्री पुष्पदन्त जैन जी , साध्वी आद्या भारती , स्वामी अर्जुनानन्द ने झण्डी दिखा शोभा यात्रा को रवाना किया।
इस अवसर पर साध्वी आद्या भारती जी ने बताया संस्थान की अधिकांश शाखाओं की संयोजक साध्वियां ही हैं व श्री आशुतोष महाराज जी के दिशा-निर्देशन में नारी सशक्तीकरण के लिए संस्थान निरंतर कार्यरत है ।
साध्वी जी ने बताया समाज में सभी दुष्कर्म अनियंत्रित मन के कारण होते हैं और संस्थान में ब्रह्म ज्ञान प्राप्त कर असंख्य लोगों ने, युवाओं ने मन पर नियंत्रण करना सीखा है व अपने जीवन व आचरण को पवित्र बनाया है।
शोभा यात्रा के दौरान युवा महिलाओं ने जगह जगह नुक्कड़ नाटक के द्वारा नारी सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता फैलाई।
शोभायात्रा का समापन संस्थान के तारामंडल स्थित आश्रम पर किया गया।
शोभायात्रा के दौरान युवा महिलाओं ने सभी महिलाओं और युवाओं को भागवत कथा का निमंत्रण भी दिया।


Popular posts