पिछली सरकारों ने केवल शिलान्यास करना सीखा, हमने शिलान्यास और उद्घाटन दोनों सीखा:  योगी आदित्यनाथ
 

 

मुंडेरवा में 5000 टीसीडी पेराई क्षमता की नई चीनी मिल एवं 27 मेगावॉट को-जनरेशन प्लांट का लोकार्पण

 

मुंडेरवा चीनी मिल का चालू होना यहां के लोगों के लिए एक सपने के पूरा होने जैसा

 

विकास की सकारात्मक सोच ही जीवन में खुशहाली ला सकती है।

 

 

पिछली सरकारों ने चीनी मिले बंद कराई थी

 


21 नवंबर, बस्ती। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकारों ने केवल शिलान्यास करना सीखा था, हमने शिलान्यास और उद्घाटन दोनों करना सीखा है। एक तरफ मुंडेरवा में बीस साल से बंद चीनी मिल को शुरु किया गया तो दूसरी तरफ प्रदेश में नौजवानों के लिए 49 हजार भर्तियों के रिजल्ट को भी खोलकर प्रदेश सरकार उत्तर प्रदेश के नौजवानों को नौकरी देने का काम कर रही है। मुंडेरवा चीनी मिल का चालू होना यहां के लोगों के लिए एक सपने के पूरा होने जैसा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ये बातें गुरुवार को मुंडेरवा में 5000 टीसीडी पेराई क्षमता की नई चीनी मिल एवं 27 मेगावॉट को-जनरेशन प्लांट का लोकार्पण के दौरान कहीं।

 

मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुंडेरवा चीनी मिल 20 साल पहले बंद हुई थी, इस दौरान किसानों को आंदोलन करना पड़ा था। आज चीनी मिल शुरू होने पर मैं आपको बधाई देता हूं।  सीएम ने सपा, बसपा और कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों ने जनता को 'वोटबैंक' समझ रखा था, हमने जनता को 'जनार्दन' बनाया। सपा, बसपा, कांग्रेस की नीयत में खोट था। हमारी नीयत में खोट नहीं था, हमारी नीयत साफ है। हमने किसानों, जनता, छात्रों और महिलाओं के साथ खिलवाड़ नहीं किया।

 

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हमारी सरकार में नौजवानों की भर्ती पूरी तरह पारदर्शी तरीके से की गई। वहीं पिछली सरकारों में भर्तियों के दौरान अलग-अलग जिलों में लोग वसूली के अभियान पर निकल पड़ते थे। उन्होंने कहा कि सपा, कांग्रेस, बसपा सभी को केंद्र और प्रदेश में सत्ता प्राप्त हुई थी, लेकिन किसी ने भी नौजवानों और किसानों के बारे में नहीं सोचा। मुंडेरवा चीनी मिल अब प्रतिदिन 50 हजार कुंतल गन्ने की पेराई करेगी। पहले चीनी मिल को पॉवर कॉरपोरेशन पर निर्भर रहना पड़ता था। जब वो बिजली देगी तब चीनी मिल चलेगी। लेकिन अब चीनी मिल स्वयं बिजली पैदा करेगी। मुंडेरवा चीनी मिल 27 मेगावाट बिजली पैदा करेगी। 3 से 4 मेगावाट बिजली की खपत यहां होगी और शेष बिजली बेची जाएगी। यानि 30 करोड़ रुपये सालाना उससे भी कमाई होगी। एक नई सोच के साथ, एक नए विश्वास के साथ हम सबका साथ और सबका विकास की तरफ आगे बढ़ रहे हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज 116 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास का कार्यक्रम भी हुआ है। बस्ती में मेडिकल कॉलेज खुल चुका है। पहले चरण का प्रवेश और ओपीडी भी शुरु हो चुकी है। 1947 से 2016 तक उत्तर प्रदेश में कुल 12 मेडिकल कॉलेज खुले थे। 2017-2020 तक उत्तर प्रदेश सरकार यहां 15 मेडिकल कॉलेज की स्थापना कर रही है। इसके साथ ही 14 नए मेडिकल कॉलेजों का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों ने चीनी मिले बंद कराई थी। 12 वर्ष में पूर्वांचल की 12 चीनी मिलों समेत उत्तर प्रदेश की 29 चीनी मिलों को बंद किया गया था। हमारी सरकार ने ढाई साल में बंद पड़ी चीनी मिलों को चलाने का कार्य किया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने अब तक गन्ना किसानों का बकाया 76 हजार करोड़ का भुगतान कराया। हम गन्ना किसानों का शोषण नहीं होने देंगे। शोषण करने वाली चीनी मिलों की कुर्की कर किसानों का भुगतान कराया जाएगा। एक वो थे जो किसानों पर गोली चलाते थे। एक भाजपा सरकार है जो किसानों के हित के लिए योजनाओं को लेकर आई है। हमने किसानों, जनता, छात्रों और महिलाओं के साथ खिलवाड़ नहीं किया। हमारी सरकार किसानों, व्यापारियों के विकास के लिए देश में अलख जगाने का काम कर रही है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने 370 को हटा कर कश्मीर से आतंकवाद का सफाया किया है। सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि से संबंधित मामले में 535 वर्षों की पीड़ा को 45 मिनट में समाप्त कर दिया। ये लोकतंत्र की और न्य़ाय पालिका की ताकत है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष सिद्धार्थनगर की चीनी मिली का शुभांरभ करेंगे। बस्ती के बाद सिद्धार्थ नगर में मेडिकल  कालेज खोलेंगे। स्वास्थ्य सुविधाओं के  साथ ही सुपर मेडिकल फैसिलिटी मुहैया होगी। प्रदेश में तीन जनपदों के बीच एक मेडिकल कॉलेज होगा। हमने जोड़ने के लिए तमाम कार्य किए हैं।

 

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अयोध्या से राम जानकी मार्ग को पूरा किया जा रहा है। अय़ोध्या से जनकपुरी की कनेक्टिविटी होगी। जानकी मार्क बनेगा, तीन से चार घंटे में अयोध्या की दूरी पूरी होगी। अयोध्या में बड़ा एयरपोर्ट बनाएंगे। जुड़ने की प्रक्रिया और अच्छी सोच के साथ आगे बढ़ेंगे। नकारात्मक सोच वालों ने सब कुछ बंद कराया, सकारात्मक सोच से हम चालू कराएंगे। विकास की सकारात्मक सोच ही जीवन में खुशहाली ला सकती है।